फाइटर पायलट से अब कमर्शियल पायलट! अभिनंदन की नई उड़ान, FLY91 में संभालेंगे ATR |
2019 में पाकिस्तान के F-16 को मार गिराने वाले ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने भारतीय वायु सेना से रिटायरमेंट के बाद अब अपने करियर की नई उड़ान शुरू कर दी है। वायु सेना से विदाई के बाद उन्होंने गोवा बेस्ड प्राइवेट एयरलाइन FLY91 जॉइन की है। अब वह फाइटर जेट के बजाय कमर्शियल विमान उड़ाते नजर आएंगे।
अभिनंदन अब FLY91 में कमर्शियल पायलट के तौर पर ATR विमान उड़ाएंगे। यानी जिस पायलट ने कभी देश की हवाई सीमा की रक्षा करते हुए दुश्मन के लड़ाकू विमान का मुकाबला किया था, वही अब रोजाना यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
अभिनंदन वर्धमान का नाम 2019 में बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच हुई हवाई भिड़ंत के दौरान सुर्खियों में आया था। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने का दावा किया गया था। इसी कार्रवाई के लिए उन्हें भारत के तीसरे सर्वोच्च युद्धकालीन वीरता पुरस्कार वीर चक्र से सम्मानित किया गया।
2019 की वह घटना भारतीय वायु सेना के इतिहास में बेहद चर्चित रही। अभिनंदन का MiG-21 Bison भी उस हवाई मुकाबले के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ और उन्हें पाकिस्तान में पकड़ लिया गया था। बाद में उन्हें भारत वापस लाया गया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद अभिनंदन देशभर में एक चर्चित और सम्मानित सैन्य चेहरा बन गए।
अब वायु सेना से रिटायरमेंट के बाद उनकी जिंदगी का एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। कमर्शियल एविएशन में जाना उनके लिए एक अलग तरह की जिम्मेदारी होगी। यहां चुनौती दुश्मन के विमान से मुकाबले की नहीं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और विमान को सुरक्षित तरीके से मंजिल तक पहुंचाने की होगी।
FLY91 में ATR विमान उड़ाने के साथ अभिनंदन का अनुभव अब नागरिक उड्डयन के काम आएगा। फाइटर पायलट के रूप में हासिल किया अनुशासन, तकनीकी दक्षता और दबाव में सही फैसला लेने की क्षमता कमर्शियल एविएशन में भी बेहद महत्वपूर्ण होती है।
अभिनंदन की नई भूमिका इसलिए भी खास है क्योंकि यह सिर्फ नौकरी बदलने की कहानी नहीं, बल्कि एक अलग तरह की सेवा की शुरुआत है। पहले वह देश की हवाई सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे थे और अब उनकी जिम्मेदारी यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की होगी।
यानी आसमान वही है, लेकिन मिशन बदल गया है। कभी फाइटर जेट में बैठकर देश की हिफाजत करने वाले अभिनंदन अब ATR विमान उड़ाकर आम यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाएंगे। उनकी यह नई उड़ान निश्चित तौर पर उनके सैन्य करियर की तरह ही लोगों का ध्यान खींच रही है।
written by:- Anjali Mishra
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )
