हाईटेक साइबर ठगी: लखनऊ में रिटायर्ड डॉक्टर को ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखकर 95 लाख की ठगी
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित विराट खंड में रहने वाले रिटायर्ड डॉक्टर बीएन सिंह एक हाईटेक साइबर ठगी का शिकार हो गए। साइबर ठगों ने खुद को कूरियर कंपनी ‘ब्लू डार्ट’ का कर्मचारी और फिर फर्जी पुलिस अधिकारी बताकर डॉक्टर को दो दिन तक ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखा और मानसिक दबाव बनाकर करीब 95 लाख रुपये की ठगी कर ली।
रविवार दोपहर करीब 2 बजे डॉक्टर को एक कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को दीपक कुमार श्रीवास्तव नामक ब्लू डार्ट कर्मचारी बताया और दावा किया कि डॉक्टर के नाम से भेजे गए एक पार्सल में नशीले पदार्थ पाए गए हैं। इसके बाद कॉल को एक कथित पुलिस अधिकारी ‘मोहनदास’ से जोड़ दिया गया, जिसने मामले को गंभीर बताते हुए डॉक्टर को जांच के दायरे में बताया।
Also Read: लखनऊ में सीएम युवा उद्यमी योजना लक्ष्य से दूर, बैंकों की ढिलाई से सिर्फ 25% को ही मिला कर्ज
कुछ देर बाद एक अन्य नंबर से खुद को वरिष्ठ अधिकारी बताने वाले व्यक्ति ने कॉल किया और कहा कि डॉक्टर के आधार कार्ड का दुरुपयोग हुआ है और उनके खिलाफ जांच चल रही है। डॉक्टर को निर्देश दिया गया कि जांच पूरी होने तक वे किसी से संपर्क न करें और हर समय वीडियो कॉल या चैट के माध्यम से निगरानी में रहें।
आरोपियों ने RTGS के जरिए बैंक अकाउंट की रकम ट्रांसफर करवाने के नाम पर डॉक्टर से अलग-अलग किश्तों में करीब 95 लाख रुपये मंगवा लिए। जब ठगों ने और 25 लाख की मांग की, तब डॉक्टर को ठगी की आशंका हुई और उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
साइबर थाना प्रभारी बृजेश यादव ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और संबंधित खातों से रकम होल्ड कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी है।
