Wednesday, November 18, 2026 ☁ 22.4° Lucknow

LiveNewsX

ताज़ा खबरें, हर पल की जानकारी

LiveNewsX

ताज़ा खबरें, हर पल की जानकारी

दुनिया का दंगल (International)

अमेरिका की NSA का गोपनीय नेटवर्क ठप! खुफिया एजेंसी में मचा हड़कंप, साइबर हमले का भी शक !

अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी यानी NSA से जुड़ी एक बड़ी तकनीकी खबर सामने आई है। एजेंसी का बेहद गोपनीय आंतरिक संचार नेटवर्क अचानक ठप हो गया है। इस नेटवर्क के बंद होने से अमेरिकी खुफिया तंत्र में हलचल मच गई है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस नेटवर्क का इस्तेमाल NSA के कर्मचारी बेहद संवेदनशील और गोपनीय सूचनाओं का आपस में आदान-प्रदान करने के लिए करते हैं।

CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, NSA Net नाम का यह नेटवर्क एजेंसी के आंतरिक कामकाज के लिए बेहद अहम माना जाता है। इसके जरिए कर्मचारी गोपनीय जानकारियां साझा करते हैं और आपस में संपर्क बनाए रखते हैं। ऐसे में अचानक नेटवर्क का काम करना बंद कर देना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गया है।

फिलहाल इस तकनीकी खराबी की असली वजह सामने नहीं आई है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर नेटवर्क अचानक क्यों ठप हुआ और इसका कितना बड़ा असर पड़ा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अभी तक किसी साइबर हमले का सबूत नहीं मिला है। यानी फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि नेटवर्क की खराबी किसी तकनीकी गड़बड़ी की वजह से हुई है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है।

हालांकि, NSA के अधिकारी इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रहे हैं। एजेंसी नेटवर्क में आई खराबी के दायरे और उसके प्रभाव का आकलन कर रही है। साथ ही कर्मचारियों के लिए अलग-अलग समय पर कार्यालय आने की व्यवस्था की गई है, ताकि कामकाज को व्यवस्थित तरीके से जारी रखा जा सके।

यह मामला इसलिए भी अहम है क्योंकि NSA अमेरिका की सबसे महत्वपूर्ण खुफिया एजेंसियों में से एक है। इसका काम राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी खुफिया जानकारियां जुटाना, विदेशी संचार पर निगरानी रखना और साइबर सुरक्षा से जुड़े खतरों का विश्लेषण करना है। ऐसे में एजेंसी के गोपनीय संचार नेटवर्क में आई खराबी कई सवाल खड़े कर रही है।

वहीं, अमेरिका में हाल के दिनों में लगातार बड़ी तकनीकी गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। इससे पहले संघीय विमानन प्रशासन यानी FAA के सिस्टम में आई खराबी के कारण देशभर में हजारों उड़ानें प्रभावित हुई थीं। इस घटना के चलते यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था और हवाई यातायात पर भी असर पड़ा था।

अब NSA के गोपनीय नेटवर्क का ठप होना अमेरिकी तकनीकी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई चिंता पैदा कर रहा है। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच किसी तरह का सीधा संबंध सामने नहीं आया है।

फिलहाल NSA की ओर से नेटवर्क में आई खराबी की जांच की जा रही है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि अमेरिका की इतनी महत्वपूर्ण खुफिया एजेंसी का गोपनीय संचार नेटवर्क अचानक कैसे ठप हो गया? क्या यह सिर्फ एक तकनीकी गड़बड़ी है या फिर इसके पीछे कोई बड़ी वजह छिपी है? इसका जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा।

publised by :- Anjali Mishra

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *