डेट पर नहाना भी छोड़ रहे Gen-Z! ‘नेचुरल स्मेल’ से मिलेगा अट्रैक्शन?
डेट पर जाने से पहले नहाना, डियो लगाना और साफ कपड़े पहनना—ये तो सामान्य तैयारी मानी जाती है। लेकिन Gen-Z के बीच एक ऐसा ट्रेंड चर्चा में है, जिसमें लोग ठीक इसका उल्टा करने का दावा कर रहे हैं। अमेरिका और ब्रिटेन में कुछ युवा मानते हैं कि अपनी नेचुरल बॉडी ओडर को छिपाने के बजाय उसे बनाए रखना उन्हें ज्यादा आकर्षक बना सकता है।
इस ट्रेंड को सोशल मीडिया पर ‘फेरोमोन-मैक्सिंग’ कहा जा रहा है। इसके पीछे विचार यह है कि शरीर की प्राकृतिक गंध दूसरे व्यक्ति में आकर्षण पैदा कर सकती है। इसी सोच के चलते कुछ लोग डियो या परफ्यूम छोड़ने, कम नहाने और अपने नेचुरल बॉडी ओडर को बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।
कुछ लोगों के दावे इससे भी आगे जाते हैं। वे कई दिनों तक नहाने से बचने या पसीने वाले कपड़े पहनकर डेट पर जाने जैसी चीजों को भी ‘नेचुरल अट्रैक्शन’ से जोड़ते हैं। सोशल मीडिया पर इस ट्रेंड के वीडियो और पोस्ट वायरल होने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या वाकई इंसान की प्राकृतिक गंध किसी संभावित पार्टनर को आकर्षित कर सकती है?
यहां विज्ञान थोड़ा अलग तस्वीर दिखाता है। जानवरों की कई प्रजातियों में फेरोमोन जैसे रासायनिक संकेत व्यवहार और आकर्षण में भूमिका निभा सकते हैं। लेकिन इंसानों में अब तक ऐसा कोई निश्चित फेरोमोन साबित नहीं हुआ है, जिसे वैज्ञानिक तौर पर इंसानी आकर्षण का सीधा कारण माना जा सके।
हालांकि, कुछ रिसर्च में इंसानी नेचुरल बॉडी ओडर और आकर्षण के बीच संबंध के संकेत जरूर मिले हैं। किसी व्यक्ति की प्राकृतिक गंध उसके जेनेटिक्स, हार्मोन, खान-पान और शरीर पर मौजूद माइक्रोब्स जैसे कई फैक्टर्स से प्रभावित हो सकती है। लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि जितनी ज्यादा बदबू होगी, उतना ही ज्यादा आकर्षण पैदा होगा।
यानी ‘फेरोमोन-मैक्सिंग’ का कॉन्सेप्ट सोशल मीडिया पर भले ही तेजी से लोकप्रिय हो रहा हो, लेकिन इसे वैज्ञानिक रूप से साबित हुआ अट्रैक्शन हैक कहना सही नहीं होगा। नेचुरल बॉडी ओडर और खराब हाइजीन इन दोनों को एक ही चीज समझना भी गलत है।
आखिरकार डेटिंग में आकर्षण सिर्फ खुशबू या बॉडी ओडर पर निर्भर नहीं करता। व्यक्तित्व, बातचीत, व्यवहार और सामने वाले व्यक्ति की पसंद भी बड़ी भूमिका निभाते हैं। इसलिए किसी वायरल ट्रेंड को फॉलो करने के चक्कर में अपनी हाइजीन को नजरअंदाज करना समझदारी नहीं है।
तो क्या नेचुरल स्मेल वाकई किसी को आपकी तरफ आकर्षित कर सकती है, या फिर ‘फेरोमोन-मैक्सिंग’ सिर्फ सोशल मीडिया का एक और वायरल ट्रेंड है? आप डेट पर नेचुरल बॉडी ओडर पसंद करेंगे या परफ्यूम और डियो?
written by:- Anjali Mishra
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )
