Tuesday, November 10, 2026 ☁ 24.1° Lucknow

LiveNewsX

ताज़ा खबरें, हर पल की जानकारी

LiveNewsX

ताज़ा खबरें, हर पल की जानकारी

weatherभारत की बात (National)

ओडिशा में चक्रवात अर्नब का कहर, बाढ़ में फंसे हजारों लोग, नौसेना और तटरक्षक बल ने संभाला मोर्चा !

भुवनेश्वर, 31 अक्टूबर 2026: ओडिशा में चक्रवात ‘अर्नब’ के बाद हुई भारी बारिश ने दक्षिणी जिलों में बाढ़ की गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। गंजाम, गजपति और कंधमाल जिलों में कई गांव जलमग्न हो गए हैं। सड़कों और पुलों को नुकसान पहुंचने से अनेक इलाकों का संपर्क टूट गया है। प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। सबसे ज्यादा प्रभावित गंजाम जिले में भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल के हेलीकॉप्टरों की मदद से बाढ़ में फंसे लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। एनडीआरएफ, ओडीआरएएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें भी बचाव कार्य में जुटी हैं।

चार हेलीकॉप्टरों से 21 स्थानों पर राहत सामग्री

राज्य सरकार ने गंजाम जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत पहुंचाने के लिए चार हेलीकॉप्टर तैनात किए हैं। इनकी मदद से 21 ऐसे स्थानों पर खाने के पैकेट गिराए जा रहे हैं, जहां सड़क मार्ग से पहुंचना मुश्किल हो गया है। हिंजिलीकट, पुरुषोत्तमपुर, शेरागड़ा, धराकोट, आस्का, भंजनगर, बेलगुंठा और चिकिटी सहित कई क्षेत्रों में राहत अभियान चलाया जा रहा है। जिन इलाकों में हेलीकॉप्टरों से राहत पहुंचाना संभव नहीं है, वहां नावों के जरिए पका हुआ भोजन और जरूरी सामग्री पहुंचाई जा रही है।

गंजाम में 43 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित

30 अक्टूबर को सामने आए सरकारी आंकड़ों के अनुसार, गंजाम जिले में लगभग 42,564 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इनमें से 23,323 लोगों को निकालकर 352 राहत केंद्रों में पहुंचाया गया है। गजपति जिले में लगभग 30 हजार लोग प्रभावित बताए गए हैं, जबकि 21,782 लोगों को 340 राहत केंद्रों में आश्रय दिया गया है। बाढ़ का असर कंधमाल समेत दूसरे जिलों में भी देखने को मिला है। कई स्थानों पर घरों में पानी घुस गया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

नदियों का जलस्तर बढ़ने से बिगड़े हालात

लगातार बारिश के कारण ऋषिकुल्या, वंशधारा और महेंद्रतनया जैसी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा। गंजाम में ऋषिकुल्या नदी का पानी कई गांवों और रिहायशी इलाकों में पहुंच गया। कुछ स्थानों पर सड़कें बह गईं और पुल क्षतिग्रस्त हो गए। इससे बचाव दलों को प्रभावित इलाकों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। गंजाम के पात्रपुर ब्लॉक में 24 घंटे के भीतर 54 सेंटीमीटर बारिश दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है।

भूस्खलन में तीन लोगों की मौत

चक्रवात के बाद हुई भारी बारिश के कारण कंधमाल जिले में भूस्खलन की घटनाएं भी हुई हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, एक भूस्खलन में दंपति और उनके नौ महीने के बच्चे की मौत हो गई। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मृतकों के परिजनों के लिए चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने किया हवाई सर्वेक्षण

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गंजाम और गजपति जिलों के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। राज्य सरकार के अनुसार, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, भोजन और सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी मुख्यमंत्री से बातचीत कर बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली। आपदा की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रपति का प्रस्तावित ओडिशा दौरा रद्द किया गया है।

राहत और पुनर्वास की बड़ी चुनौती

भारी बारिश कम होने के बाद कुछ क्षेत्रों में जलस्तर घटने लगा है, लेकिन कई गांवों में अभी भी पानी भरा हुआ है। सड़क संपर्क बहाल करना, लोगों को भोजन और पीने का पानी उपलब्ध कराना तथा क्षतिग्रस्त मकानों और सार्वजनिक संपत्तियों का आकलन करना प्रशासन के सामने प्रमुख चुनौतियां हैं। केंद्र की एक टीम के 2 नवंबर को ओडिशा पहुंचकर नुकसान का आकलन करने का कार्यक्रम भी बताया गया है।

फिलहाल प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना और प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत पहुंचाना है।

publised by :- Anjali Mishra

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *