📅 Wednesday, July 15, 2026 ☁ 30°C · Lucknow

LiveNewsX

ताज़ा खबरें, हर पल की जानकारी

LiveNewsX

ताज़ा खबरें, हर पल की जानकारी

बड़ी खबरसत्ता का संग्राम (Politics)

आकाश आनंद ने मायावती से मांगी माफी, कहा – “उन्हें ही मानता हूं अपना राजनीतिक गुरु”, BSP में वापसी की जताई उम्मीद

बहुजन समाज पार्टी (BSP) से निष्कासन के बाद आकाश आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक बयान जारी करते हुए मायावती को अपना “एकमात्र राजनीतिक मार्गदर्शक और आदर्श” बताया है। उन्होंने लिखा, “चार बार मुख्यमंत्री रही एवं लोकसभा व राज्यसभा की सदस्य रहीं आदरणीया बहन कु. मायावती जी को मैं दिल से अपना एकमात्र राजनीतिक गुरु व आदर्श मानता हूं। आज मैं यह प्रण लेता हूं कि बहुजन समाज पार्टी के हित में अपने निजी रिश्तों को कभी भी बाधा नहीं बनने दूंगा, खासकर अपने ससुराल पक्ष को।”

आकाश ने स्वीकार किया कि उनके एक पूर्व ट्वीट से पार्टी नेतृत्व आहत हुआ, जिसके चलते उन्हें पार्टी से बाहर किया गया। उन्होंने इस पर खेद जताते हुए आश्वासन दिया कि आगे से वे कोई भी राजनीतिक निर्णय अकेले नहीं लेंगे, बल्कि मायावती के निर्देशों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन का पालन करेंगे।

अपने बयान में उन्होंने मायावती से पुनः पार्टी में शामिल किए जाने की अपील की और कहा, “मैं आदरणीया बहन जी से अनुरोध करता हूं कि मेरी पिछली सभी गलतियों को क्षमा करते हुए मुझे दोबारा पार्टी में काम करने का अवसर दें। मैं वादा करता हूं कि भविष्य में ऐसा कोई कार्य नहीं करूंगा जिससे पार्टी की छवि या बहन जी के स्वाभिमान को ठेस पहुंचे।”

गौरतलब है कि आकाश आनंद को पहले BSP के सभी पदों से हटाया गया था, और बाद में मायावती की नाराज़गी के चलते उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। अब उनकी यह सार्वजनिक माफी और समर्पण पार्टी में संभावित सुलह के संकेत दे रही है। हालांकि, अंतिम निर्णय मायावती के हाथ में ही रहेगा और पार्टी के आंतरिक समीकरणों को देखते हुए आगे का रास्ता दिलचस्प होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *