अमेरिका में विमान सेवाओं पर लगी देशव्यापी रोक हटी, राउटर ओवरलोड से ठप हुआ था एयर ट्रैफिक सिस्टम !
अमेरिका में हवाई यात्रियों के लिए राहत की खबर है। संघीय विमानन प्रशासन (FAA) ने देशभर के हवाई अड्डों पर लगाई गई उड़ानों की रोक हटा दी है। तकनीकी खराबी के कारण अमेरिका में घरेलू उड़ानों का संचालन करीब चार घंटे तक प्रभावित रहा। इस दौरान हजारों उड़ानें रद्द हुईं और बड़ी संख्या में विमानों को देरी का सामना करना पड़ा।
दरअसल, अमेरिका के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में संचार संबंधी समस्या सामने आई थी। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी के मुताबिक, पुराने स्विच और राउटर पर डेटा का दबाव बढ़ने से सिस्टम में गड़बड़ी पैदा हुई। इसके बाद यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए FAA ने देशभर में उड़ानों को अस्थायी रूप से रोकने का फैसला किया।
क्यों रोकनी पड़ीं उड़ानें?
अमेरिका का एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम हजारों विमानों की आवाजाही को नियंत्रित करता है। इसमें रडार, संचार नेटवर्क और तकनीकी उपकरणों की अहम भूमिका होती है। जब इन प्रणालियों में गड़बड़ी आती है, तो पायलटों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के बीच जरूरी सूचनाओं का आदान-प्रदान प्रभावित हो सकता है।
इसी तरह की समस्या सामने आने के बाद FAA ने एहतियातन उड़ानों पर रोक लगाई थी।
हजारों यात्रियों को हुई परेशानी
इस तकनीकी खराबी का असर अमेरिका के कई प्रमुख हवाई अड्डों पर देखने को मिला। यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई उड़ानें रद्द हुईं, जबकि कुछ विमानों का मार्ग बदलना पड़ा।
FAA ने तकनीकी जांच और सिस्टम की टेस्टिंग के बाद उड़ानों को दोबारा शुरू करने की अनुमति दी। हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि उड़ानों का सामान्य शेड्यूल बहाल होने में कुछ समय लग सकता है।
क्या साइबर अटैक हुआ था?
शुरुआती जांच में साइबर हमले का कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है। अमेरिकी अधिकारियों ने समस्या को पुराने तकनीकी नेटवर्क और संचार व्यवस्था से जुड़ा बताया है। फिर भी घटना की जांच जारी है।
इस घटना ने अमेरिका के पुराने एयर ट्रैफिक कंट्रोल इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने की जरूरत पर एक बार फिर सवाल खड़े किए हैं।
publised by :- Anjali Mishra
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )
