क्या पुरुषों को भी हो सकता है ब्रेस्ट कैंसर?
क्या आपको लगता है कि ब्रेस्ट कैंसर सिर्फ महिलाओं को होता है? अगर हां, तो ये जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है। पुरुषों को भी ब्रेस्ट कैंसर हो सकता है। क्योंकि ब्रेस्ट कैंसर जेंडर नहीं, शरीर की कोशिकाओं में होने वाला कैंसर है। पुरुषों के शरीर में भी निप्पल और ब्रेस्ट टिश्यू मौजूद होते हैं, भले ही ये महिलाओं की तुलना में कम विकसित हों।
सबसे बड़ी समस्या सिर्फ बीमारी नहीं, बल्कि इसे लेकर बनी गलतफहमी है। कई पुरुष सीने में गांठ या किसी बदलाव को चोट, जिम की वजह या सामान्य सूजन समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। यही लापरवाही बीमारी की पहचान में देरी कर सकती है। पुरुषों में ब्रेस्ट कैंसर का खतरा उम्र बढ़ने के साथ बढ़ता है, खासकर 50 से 70 साल के बीच।
कुछ फैक्टर्स इस खतरे को और बढ़ा सकते हैं। इनमें BRCA जैसे जीन में म्यूटेशन, मोटापा, ज्यादा शराब का सेवन, लीवर की बीमारी और पहले छाती पर हुई रेडिएशन थेरेपी शामिल हो सकते हैं। इसका मतलब यह नहीं कि इन फैक्टर्स वाले हर व्यक्ति को कैंसर होगा, लेकिन ऐसे मामलों में सतर्क रहना जरूरी है।
अब सबसे जरूरी बात शरीर के संकेतों को पहचानिए। अगर सीने या निप्पल के आसपास बिना दर्द वाली गांठ महसूस हो, निप्पल अंदर की ओर खिंचने लगे, त्वचा पर डिंपलिंग या असामान्य बदलाव दिखाई दे या निप्पल से डिस्चार्ज आए, तो इसे नजरअंदाज न करें।
ऐसे लक्षणों का मतलब हमेशा ब्रेस्ट कैंसर नहीं होता, लेकिन इनका कारण जानना जरूरी है। डॉक्टर जरूरत के मुताबिक मेमोग्राफी, अल्ट्रासाउंड या बायोप्सी जैसी जांच की सलाह दे सकते हैं। अगर कैंसर की पुष्टि होती है, तो बीमारी के प्रकार और स्टेज के आधार पर सर्जरी, कीमोथेरेपी, हार्मोन थेरेपी या अन्य उपचार किए जा सकते हैं।
और सबसे जरूरी बात ब्रेस्ट कैंसर को जनाना या मर्दाना बीमारी समझना ही सबसे बड़ी गलती है। पुरुषों में यह कम आम जरूर है, लेकिन असंभव नहीं। इसी वजह से सीने में किसी असामान्य गांठ या बदलाव को सिर्फ शर्म या मर्दानगी के कारण छिपाना बिल्कुल सही नहीं है।
याद रखिए, शरीर में होने वाला कोई भी असामान्य बदलाव आपको कमजोर नहीं बनाता। समय पर डॉक्टर से जांच कराना समझदारी है। गांठ दिखे, निप्पल में बदलाव हो या कोई असामान्य डिस्चार्ज दिखाई दे खुद से निष्कर्ष निकालने के बजाय डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
written by:- Anjali Mishra
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )
