Tuesday, November 10, 2026 ☁ 24.1° Lucknow

LiveNewsX

ताज़ा खबरें, हर पल की जानकारी

LiveNewsX

ताज़ा खबरें, हर पल की जानकारी

Social Mediaदुनिया का दंगल (International)

एलन मस्क का बड़ा ऐलान! 2027 में अमेरिका के हर बच्चे को देंगे SpaceX का एक शेयर !

दुनिया के सबसे अमीर कारोबारियों में शामिल एलन मस्क ने ऐसा ऐलान किया है, जिसकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। मस्क ने कहा है कि 2027 में वह अमेरिका के हर बच्चे को अपनी कंपनी SpaceX का एक शेयर गिफ्ट करेंगे। अगर यह योजना लागू होती है, तो करीब 7.3 करोड़ बच्चों को इसका फायदा मिल सकता है।

अब सवाल है कि आखिर एक शेयर की कीमत कितनी है और इस पूरे गिफ्ट पर कितना पैसा खर्च होगा? एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, SpaceX के एक शेयर की कीमत 146 डॉलर और 3 सेंट थी। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 13 हजार रुपये के आसपास बैठती है। हालांकि, शेयर की कीमत बाजार में घटती-बढ़ती रहती है।

अगर अमेरिका के करीब 7.3 करोड़ बच्चों को एक-एक शेयर दिया जाता है, तो इस गिफ्ट की कुल वैल्यू लगभग 10.66 अरब डॉलर होगी। भारतीय रुपये में यह रकम करीब 90 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा बैठती है। यानी यह दुनिया के सबसे बड़े कॉरपोरेट गिफ्ट में से एक हो सकता है।

मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस योजना का ऐलान किया और संकेत दिया कि यह उनकी तरफ से पहला ऐसा कदम होगा, आगे और भी गिफ्ट दिए जा सकते हैं। हालांकि, उन्होंने अभी तक यह नहीं बताया है कि शेयर बांटने की पूरी प्रक्रिया क्या होगी और किन बच्चों को इसका लाभ मिलेगा।

सबसे बड़ा सवाल पात्रता को लेकर है। क्या अमेरिका में रहने वाले सभी बच्चों को शेयर मिलेगा या सिर्फ अमेरिकी नागरिकों को? क्या उम्र की कोई सीमा होगी? और क्या शेयर सीधे बच्चों के नाम पर दिए जाएंगे या किसी निवेश खाते के जरिए? इन सवालों पर अभी स्थिति साफ नहीं है।

यह ऐलान ऐसे समय आया है, जब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी Anthropic ने भी अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा सार्वजनिक हित के लिए समर्पित करने की योजना घोषित की है। मस्क ने इस कदम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि शेयर सीधे जनता को दिए जाने चाहिए।

अब अगर मस्क का यह वादा जमीन पर उतरता है, तो करोड़ों अमेरिकी बच्चों के पास SpaceX में हिस्सेदारी हो सकती है। लेकिन फिलहाल इसे पूरी हो चुकी योजना नहीं, बल्कि मस्क की घोषित मंशा के तौर पर ही देखना चाहिए। असली तस्वीर तब साफ होगी, जब शेयर वितरण की शर्तें और तारीख सामने आएंगी।

written by :- Anjali Mishra

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *